Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के लिए फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एफएसएसएआई) के FoSTaC (फूड सेफ्टी ट्रेनिंग एंड सर्टिफिकेशन) कार्यक्रम के तहत विशेष प्रशिक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत जनपद के लगभग 750 स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को प्रशिक्षण प्रदान करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सहायक आयुक्त खाद्य संरक्षण एवं औषधि महिमानन्द जोशी ने बताया कि कार्यक्रम के तहत 9 10 और 11 जून 2026 को हरिद्वार क्षेत्र में प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए जिनमें बड़ी संख्या में फूड वेंडर्स ने भाग लिया। अभियान के अगले चरण में 13 जून से 15 जून 2026 तक विभिन्न स्थानों पर शेष विक्रेताओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बैच में लगभग 50-50 स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को शामिल किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को खाद्य स्वच्छता सुरक्षित भोजन निर्माण साफ-सफाई, व्यक्तिगत स्वच्छता ग्राहक सुरक्षा तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की जा रही है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन स्वच्छ पानी के उपयोग कचरा प्रबंधन साफ बर्तनों के प्रयोग तथा कार्यस्थल को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया गया। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के अंतर्गत पंजीकरण और लाइसेंस की अनिवार्यता तथा उससे संबंधित नियमों की भी विस्तार से जानकारी दी गई। सहायक आयुक्त ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य आमजन को सुरक्षित गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है। साथ ही स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को प्रशिक्षित और जिम्मेदार बनाकर खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना भी इस अभियान की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले विक्रेता न केवल अपने व्यवसाय में स्वच्छता और गुणवत्ता के मानकों को अपनाएंगे बल्कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। जनपद में यह अभियान खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वच्छ खाद्य वातावरण विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp