Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा एवं आगामी कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत सीवरेज कार्यों के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत और पुनर्निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। क्षेत्रीय जनता व्यापारियों और तीर्थयात्रियों को हो रही असुविधा को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य दिन-रात संचालित करते हुए शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि चारधाम यात्रा के दौरान जिन सड़कों को सीवरेज कार्यों के लिए खोदा गया है उनकी मरम्मत हर हाल में समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए ताकि श्रद्धालुओं स्थानीय लोगों और व्यापारियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में निर्माण कार्यों में तेजी लाई गई है और विभिन्न स्थानों पर लगातार कार्य किया जा रहा है। परियोजना प्रबंधक निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई गंगा उत्तराखंड पेयजल निगम मिनाक्षी मित्तल ने बताया कि केएफडब्ल्यू वित्तपोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के अंतर्गत पैकेज-01 और पैकेज-02 में सड़क पुनर्निर्माण के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 12 जून को पैकेज-01 के अंतर्गत मंदिर से एनएचएआई रोड अमृत गंगा बीटी रोड पर 70 मीटर ऋषिकुल कॉलोनी में सीसी रोड एम-30 के तहत 33 मीटर तथा एसपीएस पुलिया भूपतवाला के निकट सीसी रोड एम-30 के तहत 19.19 मीटर निर्माण कार्य पूर्ण किया गया। इस प्रकार पैकेज-01 के अंतर्गत कुल 122.19 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है। इसी प्रकार पैकेज-02 के अंतर्गत गणपतिधाम फेस-3 में पावर ब्लॉक के 22 मीटर तथा राजविहार फेस-1 में पावर ब्लॉक के 19 मीटर निर्माण कार्य पूर्ण किया गया। इस पैकेज के अंतर्गत कुल 41 मीटर कार्य पूरा हो चुका है। इस प्रकार दोनों पैकेजों के अंतर्गत एक ही दिन में कुल 163.19 मीटर सड़क पुनर्निर्माण कार्य पूरा किया गया है। परियोजना प्रबंधन इकाई के अनुसार निर्माण कार्य दिन-रात लगातार जारी है और शेष कार्यों को भी त्वरित गति से पूरा किया जा रहा है जिससे स्थानीय जनता व्यापारियों एवं तीर्थयात्रियों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिल सके। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएं ताकि चारधाम यात्रा एवं आगामी कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp