Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित स्नातक स्तरीय पदों की लिखित परीक्षा रविवार को जनपद चमोली में शांतिपूर्ण सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण में शुरू हुई। परीक्षा को निष्पक्ष पारदर्शी और सकुशल संपन्न कराने के लिए चमोली पुलिस द्वारा व्यापक एवं बहुस्तरीय सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि अनुचित साधनों के प्रयोग अथवा कानून व्यवस्था से जुड़ी किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सभी संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी गई है। परीक्षा केंद्रों के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया है तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने स्वयं विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस कर्मियों एवं कॉलेज प्रबंधन से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली तथा परीक्षा की निष्पक्षता गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को परीक्षा समाप्ति तक लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर सतत निगरानी बनाए रखने संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने तथा किसी भी परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। चमोली पुलिस द्वारा किए गए सुदृढ़ सुरक्षा प्रबंधों विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और अधिकारियों की सतत निगरानी के चलते परीक्षा शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संचालित की जा रही है। पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ यह सुनिश्चित कर रहा है कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp