Spread the love

प्रदीप कुमार
मुनिकीरेती-टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत मुनि की रेती पुलिस को वाहन चोरी के एक मामले के सफल अनावरण में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की गई स्कूटी बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 12 जून 2026 को विनोद कुमार निवासी बनखंडी ऋषिकेश ने थाना मुनि की रेती में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी स्कूटी संख्या UK07AC-7649 को 9 जून की रात अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने मामले के खुलासे के लिए लगातार प्रयास करते हुए क्षेत्र में लगे 80 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान कर 13 जून की रात निर्माणाधीन रेलवे रोड, सुमन पार्क ढालवाला के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 9 जून की रात रामझूला क्षेत्र स्थित चोटीवाला रेस्टोरेंट के पास से उक्त स्कूटी चोरी की थी। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई प्लेजर स्कूटी संख्या UK07AC-7649 बरामद कर ली। बरामद स्कूटी की अनुमानित कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवांश पाल पुत्र स्वर्गीय नंदराम तथा प्रियांशु पाल पुत्र स्वर्गीय नंदराम निवासी मोहल्ला शांतिनगर थाना मिश्राना जनपद लखीमपुर खीरी उत्तर प्रदेश हाल निवासी निगम रोड हरिपुर थाना सेलाकुई जनपद देहरादून के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों की उम्र 21 वर्ष है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक आशीष शर्मा उपनिरीक्षक अशोक रावत मुख्य आरक्षी अजयवीर सिंह आरक्षी राजीव कुमार आरक्षी नीरज तथा आरक्षी कौशल शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp