Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की स्नातक स्तरीय लिखित परीक्षा जनपद टिहरी गढ़वाल में शांतिपूर्ण निष्पक्ष और पारदर्शी वातावरण में सकुशल सम्पन्न हुई। परीक्षा को आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। परीक्षा के सफल संचालन के लिए जनपद स्तर पर नोडल अधिकारी सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। सभी परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की गई जिससे परीक्षा प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके। अपर जिलाधिकारी एवं नोडल अधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि जिला मुख्यालय नई टिहरी सहित जनपद में कुल 11 परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा आयोजित की गई। सभी केन्द्रों पर सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित रहीं तथा परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई। उन्होंने बताया कि जनपद के 11 परीक्षा केन्द्रों पर पंजीकृत 2,838 अभ्यर्थियों में से 1,498 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया जबकि 1,340 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा में कुल उपस्थिति 52.78 प्रतिशत दर्ज की गई। परीक्षा के दौरान चंबा तथा जिला मुख्यालय नई टिहरी में बनाए गए सभी परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। केन्द्रों पर सुरक्षा अभ्यर्थियों की जांच व्यवस्था तथा परीक्षा संचालन संबंधी सभी प्रबंधों को प्रभावी ढंग से लागू किया गया। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा को निष्पक्ष पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं जिसके परिणामस्वरूप जनपद में परीक्षा सकुशल और शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp