Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल।कर्णप्रयाग में राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर यातायात पूरी तरह से सुचारु हो गया है। कर्णप्रयाग स्थित पंच पुलिया क्षेत्र में यात्रियों के एक समूह और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद के बाद मार्ग कुछ समय के लिए अवरुद्ध हो गया था जिससे यातायात प्रभावित हुआ। स्थिति की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से वार्ता कर स्थिति को शांत कराया तथा आवश्यक समन्वय स्थापित करते हुए मार्ग को पुनः सुचारु कराया। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सामान्य रूप से संचालित होने लगा। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि घटना में दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अराजकता अथवा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने के प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है ताकि यात्रा मार्गों पर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था सुचारु बनी रहे। इसके उपरांत जिलाधिकारी गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने ब्लॉक सभागार कर्णप्रयाग में स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाई गई समस्याओं एवं चिंताओं को विस्तार से सुना। अधिकारियों ने विभिन्न मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा करते हुए आवश्यक और प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया तथा कहा कि स्थानीय जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp