Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग रुद्रप्रयाग द्वारा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स अगस्त्यमुनि में रन फॉर योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष अगस्त्यमुनि और जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और निरोग रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में लगभग 30 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से नियमित योगाभ्यास शारीरिक सक्रियता और स्वस्थ जीवन के महत्व का संदेश जनसामान्य तक पहुंचाया। पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों में विशेष उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम का माध्यम नहीं है बल्कि यह व्यक्ति के शारीरिक मानसिक और आध्यात्मिक विकास का आधार है। योग तनावमुक्त जीवन सकारात्मक सोच और बेहतर स्वास्थ्य प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा योग को जन-जन तक पहुंचाने में अत्यंत प्रभावी सिद्ध होते हैं। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को नियमित योगाभ्यास अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली की ओर अग्रसर होने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp