प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी एफ आर चौहान ने सभी संबंधित अधिकारियों को 17 जून तक गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अद्यतन त्रुटिरहित और अधिक विश्वसनीय बनाने के लिए निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित की जाए तथा कम प्रगति वाले बूथों पर विशेष ध्यान दिया जाए। अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में जनपद के सभी उप जिलाधिकारी तहसीलदार तथा अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में विधानसभा क्षेत्रवार विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समयसीमा के अनुरूप गणना प्रपत्रों का वितरण हर हाल में पूर्ण किया जाए। जिन विधानसभा क्षेत्रों और मतदान केंद्रों में प्रगति अपेक्षाकृत कम है वहां विशेष अभियान संचालित कर कार्य में तेजी लाई जाए तथा दैनिक स्तर पर निगरानी सुनिश्चित की जाए। बैठक में बूथ स्तर अधिकारियों द्वारा किए जा रहे डिजिटाइजेशन कार्य की भी समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जिन बूथों पर डिजिटाइजेशन कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है वहां इसे तत्काल शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि गणना प्रपत्र वितरण और डिजिटाइजेशन कार्य दोनों को समान गति से आगे बढ़ाते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए। अपर जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को नियमित समीक्षा प्रभावी समन्वय और सतत निगरानी के माध्यम से निर्धारित अवधि के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह सहित अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
