Spread the love

प्रदीप कुमार
मंगलौर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। महिला एवं बाल संबंधी अपराधों के प्रति हरिद्वार पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कोतवाली मंगलौर पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में लगभग दो माह से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए खुद को मृत साबित करने का प्रयास कर रहा था और पुलिस को गुमराह करने के लिए अपना सामान नहर किनारे छोड़ गया था। माह अप्रैल 2026 में कोतवाली मंगलौर क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने अपनी सात वर्षीय नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म किए जाने के संबंध में नीटू उर्फ ज्ञानेंद्र के खिलाफ पोक्सो अधिनियम और अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कराया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी मंगलौर के पर्यवेक्षण में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी लेकिन आरोपी लगातार फरार चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए न्यायालय से गैर जमानती वारंट भी प्राप्त किया गया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने स्वयं को मृत दर्शाने और पुलिस को भ्रमित करने के उद्देश्य से अपने कपड़े जूते और अन्य सामान नहर किनारे छोड़ दिए थे ताकि यह प्रतीत हो कि उसने नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली है। हालांकि पुलिस ने मामले की जांच सभी पहलुओं से जारी रखी और लगातार सुरागरसी तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश करती रही। लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप मंगलौर पुलिस ने आरोपी नीटू उर्फ ज्ञानेंद्र पुत्र मुंशी निवासी ग्राम मन्नाखेड़ी कोतवाली मंगलौर जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम मंगलौर पुलिस टीम।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp