Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क सुविधा उपलब्ध कराने तथा विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में एनआईसी कक्ष में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के दोनों डिवीजनों में संचालित परियोजनाओं की प्रगति निर्माण कार्यों की गुणवत्ता तथा वन विभाग से संबंधित लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन और स्वीकृत परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने वन विभाग स्तर पर भूमि हस्तांतरण और स्वीकृतियों से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए कहा कि कई सड़क परियोजनाएं वन स्वीकृतियों एवं अन्य औपचारिकताओं के कारण प्रभावित हो रही हैं जिससे निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब हो रहा है। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपसी समन्वय स्थापित कर लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर होने से आमजन को आवागमन शिक्षा स्वास्थ्य तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं तक पहुंच में सुविधा मिलती है इसलिए सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने तथा किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा ताकि जनहित से जुड़े कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण हो सकें। जिलाधिकारी ने जिन परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जानी है उन्हें तत्काल तैयार कर आवश्यक कार्रवाई आगे बढ़ाने के निर्देश भी दिए। समीक्षा के दौरान बष्टी हॉट-कफना सेमलता मार्ग के अंतर्गत निर्माणाधीन पुल की धीमी प्रगति तथा कुछ अन्य कार्यों में गुणवत्ता मानकों को लेकर असंतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को मामले की जांच कराने के निर्देश दिए। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी रजत सुमन मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई पवन कुमार सहित संबंधित डिवीजनों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp