Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी 21 जून 2026 को हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज भागीरथीपुरम में आयोजित होने वाली नीट परीक्षा के शांतिपूर्ण निष्पक्ष एवं व्यवस्थित संचालन को लेकर अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि 21 जून को दोपहर 2 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित होने वाली नीट परीक्षा में कुल 179 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। अपर जिलाधिकारी ने एआरटीओ को अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए आवश्यकतानुसार वाहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत विभाग को परीक्षा अवधि के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने तथा स्वास्थ्य एवं अग्निशमन विभाग को आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में अभ्यर्थियों से परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा केंद्र में न लाने की अपील की गई। अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा केंद्र को शनिवार को पुलिस के सुपुर्द कर दिया जाएगा और परीक्षा का संचालन राज्य एवं केंद्रीय सुरक्षा बलों की निगरानी में कराया जाएगा। अपर जिलाधिकारी ने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो सके। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने परीक्षा व्यवस्थाओं को लेकर अपनी तैयारियों की जानकारी भी प्रस्तुत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp