Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने जागरूकता बढ़ाने तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से विकासखंड नारायणबगड़ में बहु-विभागीय प्रदर्शनी एवं जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने किया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी स्टॉल स्थापित किए गए जहां ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की लोककल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। जनपद स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने योजनाओं के लाभ पात्रता आवेदन प्रक्रिया तथा विभिन्न सेवाओं के संबंध में लोगों को जागरूक किया और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई। आयोजित शिविर में कुल 194 लोगों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 175 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 156 शिकायतों एवं समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कर लाभार्थियों को त्वरित राहत प्रदान की गई। शेष मामलों को आवश्यक कार्रवाई एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए विशेष शिविर में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। वहीं कृषि समाज कल्याण स्वास्थ्य सहित अन्य विभागों ने अपने-अपने स्टॉलों के माध्यम से योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए लोगों की समस्याओं का समाधान किया। कृषि विभाग द्वारा किसानों को कृषि यंत्र उन्नत बीज खाद दवाइयों सहित अन्य उपयोगी सामग्री भी वितरित की गई। शिविर में स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्थानीय एवं पारंपरिक उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। इससे स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिलने के साथ-साथ स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के विपणन का बेहतर अवसर प्राप्त हुआ। प्रदर्शनी में ग्रामीणों ने विशेष रुचि दिखाई और स्थानीय उत्पादों की सराहना की। इस अवसर पर अपर जिला समाज कल्याण अधिकारी हर्षवर्धन भट्ट सहायक समाज कल्याण अधिकारी रोशनी रावत संरक्षण अधिकारी रजनी पंवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp