Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान-2026 के सफल संचालन को लेकर जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.श्याम विजय सिंह ने बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार आगामी 28 जून 2026 को जनपद टिहरी गढ़वाल में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत पर्वतीय क्षेत्रों में 674 तथा ढालवाला मैदानी क्षेत्र में 95 सहित कुल 769 पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने जानकारी दी कि सर्वेक्षण के अनुसार इस चरण में जनपद के 46,593 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के तहत पर्वतीय क्षेत्रों में 29 एवं 30 जून को तथा ढालवाला मैदानी क्षेत्र में 29 जून से 4 जुलाई तक घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके लिए पर्वतीय क्षेत्रों में 1,348 टीमों तथा ढालवाला क्षेत्र में 24 टीमों का गठन किया गया है। मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ शिक्षा पंचायती राज महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पोलियो उन्मूलन के लिए प्रत्येक पात्र बच्चे तक पहुंचना आवश्यक है और किसी भी बच्चे को खुराक से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं तथा राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें। बैठक में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ सभी विकासखंडों के प्रभारी चिकित्साधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp