Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी पुलिस ने हिट एंड रन के एक गंभीर मामले का सफल अनावरण करते हुए दुर्घटना के बाद फरार हुए वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को घटना में प्रयुक्त वाहन के साथ हिरासत में लिया गया है तथा उसके विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कोतवाली श्रीनगर में राधा निवासी श्रीनगर द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी कि 3 जून 2026 को उनके पिता अनिल चौहान (48 वर्ष) साइकिल से उफ्ल्डा से श्रीनगर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान मालढय्या के पास एक अज्ञात वाहन चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। दुर्घटना में अनिल चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने विषम परिस्थितियों में उनका रेस्क्यू किया लेकिन उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। शिकायत के आधार पर कोतवाली श्रीनगर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने संबंधित अधिकारियों को दुर्घटना में शामिल वाहन और चालक की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक कोतवाली श्रीनगर कुलदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। घटना देर शाम होने के कारण प्रारंभिक जांच में वाहन और चालक की स्पष्ट पहचान नहीं हो पा रही थी। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। लगातार प्रयासों और प्रभावी विवेचना के बाद दुर्घटना में शामिल वाहन संख्या यूके01टीए-1984 मैक्स बुलेरो की पहचान की गई। जांच में पता चला कि वाहन का स्वामी सिद्धार्थ कुमार निवासी नारायणकोटी जनपद रुद्रप्रयाग है तथा घटना के समय वाहन को प्रवीण सिंह निवासी डडोली थाना अगस्त्यमुनि जनपद रुद्रप्रयाग चला रहा था। साक्ष्यों के आधार पर 18 जून 2026 को पुलिस टीम ने आरोपी प्रवीण सिंह को घटना में प्रयुक्त वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी प्रवीण सिंह 32 वर्ष निवासी डडोली थाना अगस्त्यमुनि जनपद रुद्रप्रयाग। पुलिस टीम उपनिरीक्षक बीरेन्द्र बृजवाल मुख्य आरक्षी संजय कुमार होमगार्ड भूपेन्द्र सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp