Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन में जनपदभर में चलाए जा रहे सत्यापन अभियान के तहत चमोली पुलिस संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया गया जबकि नन्दप्रयाग क्षेत्र में मजदूरों का पुलिस सत्यापन नहीं कराने पर संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध जुर्माने की कार्रवाई की गई। चौकी प्रभारी घांघरिया उपनिरीक्षक अमनदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भ्यूंडार से हेमकुंड साहिब तक विशेष सत्यापन अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुविधा तथा धार्मिक स्थल की गरिमा को बनाए रखना रहा। अभियान के दौरान यात्रा मार्ग पर संचालित दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। जांच में कुछ दुकानदारों द्वारा ईको डेवलपमेंट कमेटी द्वारा निर्धारित रेट लिस्ट प्रदर्शित न करने तथा निर्धारित दरों से अधिक मूल्य वसूलने संबंधी शिकायतें सामने आईं। इस पर पुलिस ने संबंधित दुकानदारों को कड़ी चेतावनी देते हुए प्रमुख स्थानों पर रेट लिस्ट लगाने और निर्धारित दरों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा धार्मिक क्षेत्र में खुलेआम बीड़ी सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पादों का सेवन करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने स्थानीय कर्मचारियों एवं अन्य व्यक्तियों के सत्यापन की जांच करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा सभी से धार्मिक स्थल की मर्यादा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। अभियान के दौरान पुलिस अधिनियम के तहत 41 तथा कोटपा अधिनियम के तहत 22 चालान किए गए। इस प्रकार कुल 63 चालानों के माध्यम से नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुचारू व्यवस्था और धार्मिक वातावरण की पवित्रता बनाए रखने के लिए इस प्रकार के अभियान लगातार जारी रहेंगे तथा नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं 19 जून को चौकी नन्दप्रयाग क्षेत्र में चलाए जा रहे सत्यापन अभियान के दौरान जस्सू कंस्ट्रक्शन कंपनी के ठेकेदार सीटू कुमार निवासी केदारपुरम एमडीडीए कॉलोनी देहरादून द्वारा कार्यरत मजदूरों का पुलिस सत्यापन नहीं कराया जाना पाया गया। बाहरी श्रमिकों के सत्यापन में बरती गई इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ठेकेदार पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। चमोली पुलिस ने कहा है कि जनपद की सुरक्षा हेमकुंड साहिब यात्रा की सुव्यवस्था और धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने के लिए सत्यापन एवं चेकिंग अभियान निरंतर जारी रहेंगे। बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन न कराने निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp