Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी कांवड़ मेले को सुव्यवस्थित सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने राज्य अतिथि गृह में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित कर विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मेले में आने वाले शिवभक्तों को किसी प्रकार की परेशानी या असुविधा न हो इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। बैठक में मंडलायुक्त ने कहा कि कांवड़ मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने सभी विभागों को आवश्यक संसाधनों की अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा यातायात योजना को बेहतर और व्यवस्थित ढंग से तैयार करने के निर्देश दिए ताकि आवश्यक सेवाएं प्रभावित न हों और आमजन को भी किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े। उन्होंने नगर निगम को निर्देशित किया कि मेले के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। कचरा प्रबंधन और साफ-सफाई के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर उसका समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए जिससे मेला क्षेत्र पूरी तरह स्वच्छ और व्यवस्थित बना रहे। गढ़वाल कमिश्नर ने कहा कि कांवड़ मेले के आयोजन में अब सीमित समय शेष है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपनी-अपनी तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करें। उन्होंने विशेष रूप से भीड़ प्रबंधन यातायात व्यवस्था स्वच्छता पेयजल विद्युत आपूर्ति और सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने के निर्देश दिए ताकि बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या के बावजूद व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जा सकें। बैठक में नगर आयुक्त नंदन कुमार ने कांवड़ मेले के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के लिए की जा रही तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। वहीं मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र ने प्रशासन और विभिन्न विभागों द्वारा मेले के सफल संचालन के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण को लेकर तैयार की गई कार्ययोजना से अवगत कराया। इसके अलावा जल संस्थान विद्युत विभाग लोक निर्माण विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी तैयारियों और व्यवस्थाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। गढ़वाल कमिश्नर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मेले के दौरान सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जाएं तथा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए विभाग पूरी तरह तैयार रहें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में अपर आयुक्त उत्तम सिंह चौहान अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार सिटी मजिस्ट्रेट हरगिरी उप मेलाधिकारी मंजीत सिंह अधिशासी अभियंता जल संस्थान विपिन चौहान विद्युत विभाग के दीपक सैनी जल निगम के राजेश गुप्ता लोक निर्माण विभाग के योगेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp