Spread the love

प्रदीप कुमार
बुग्गावाला-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस ने बुग्गावाला क्षेत्र की बंद पड़ी बायोडीजल फैक्ट्री में चौकीदार पर फायरिंग के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त तमंचा खोखा कारतूस और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। 9 जून 2026 को अमानतगढ़ क्षेत्र स्थित बंद पड़ी बायोडीजल फैक्ट्री में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से बदमाश घुसे थे। फैक्ट्री के चौकीदार ने साहस दिखाते हुए उनके मंसूबों को विफल करने का प्रयास किया जिस पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इस घटना में चौकीदार गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद बुग्गावाला पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हुई जिसमें एक आरोपी लुकमान को गिरफ्तार कर लिया गया था जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था। लुकमान से पूछताछ में पुलिस को वारदात में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। घटना से क्षेत्र में फैले भय को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने पुलिस टीमों को सीआईयू के तकनीकी सहयोग से सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीमों ने लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहकर डिजिटल और मैनुअल पुलिसिंग के माध्यम से जानकारी जुटाई तथा फैक्ट्री तक आने-जाने वाले मार्गों पर निगरानी रखी। लगातार प्रयासों के बाद 19 जून 2026 को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उत्तर प्रदेश सीमा के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल एक तमंचा एक खोखा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में भी जुटी हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में चोरी लूट और डकैती जैसी कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है। बदमाशों ने कई दिनों तक रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया था। गिरफ्तार आरोपी: संजय पुत्र स्वर्गीय चन्दू निवासी ओल्ड मिद्दा गढ़ी रोड थाना सदर जिला यमुनानगर हरियाणा। जोगिन्दर उर्फ जोगा पुत्र पूरणचन्द निवासी न्यू गुलाबनगर बाईपास कैम्प थाना सदर जिला यमुनानगर हरियाणा। नसीम पुत्र स्वर्गीय बुन्दु मिस्त्री निवासी ग्राम बन्दरजुड़ थाना बुग्गावाला जनपद हरिद्वार। बरामदगी: एक तमंचा 315 बोर। एक खोखा कारतूस। दो मोबाइल फोन। पुलिस टीम: थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा उपनिरीक्षक मनोज कुमार उपनिरीक्षक सुनील रमोला अपर उपनिरीक्षक अरविंद भट्ट मुख्य आरक्षी कुश कुमार आरक्षी मनोज कुमार आरक्षी विकास क्षेत्री आरक्षी गजेन्द्र सिंह सीआईयू रुड़की टीम: अपर उपनिरीक्षक अश्वनी यादव मुख्य आरक्षी मनमोहन भण्डारी आरक्षी महिपाल आरक्षी राहुल आरक्षी रविन्द्र खत्री आरक्षी अजय काला सीआईयू हरिद्वार टीम: आरक्षी वसीम।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp