Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी एवं विकासपरक योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद के नगर निगम नगर पंचायतों नगर पालिकाओं एवं विकास खंडों में चौथे दिन भी जनकल्याणकारी शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रतिभाग कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। जनकल्याण शिविरों में कुल 150 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें से 136 का मौके पर ही निस्तारण कर लोगों को राहत प्रदान की गई। शिविरों में कुल 851 क्षेत्रवासियों ने भाग लिया। विधानसभा हरिद्वार क्षेत्र के नगर निगम हरिद्वार में आयोजित शिविर में 43 आवेदन प्राप्त हुए जिनका शत-प्रतिशत निस्तारण किया गया। विधानसभा खानपुर के नगर पंचायत लंढौरा में आयोजित शिविर में 21 आवेदन प्राप्त हुए और सभी का मौके पर समाधान किया गया। विधानसभा भगवानपुर के नगर पंचायत भगवानपुर में 13 आवेदन प्राप्त हुए। विधानसभा पिरान कलियर के नगर पंचायत पिरान कलियर में 5 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें से 2 का मौके पर निस्तारण किया गया। विधानसभा लक्सर के नगर पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर में 7 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें से 6 का मौके पर समाधान किया गया। वहीं विकासखंड भगवानपुर में आयोजित शिविर में 61 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें से 50 का मौके पर निस्तारण किया गया। शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर लोगों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई। आयुष्मान कार्ड प्रधानमंत्री आवास योजना किसान सम्मान निधि लखपति दीदी बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सहित अन्य योजनाओं के संबंध में लोगों को जागरूक किया गया तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया। प्रशासन का उद्देश्य जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। शिविरों के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं और जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। शिविरों में खंड विकास अधिकारियों नगर निगम एवं नगर पंचायतों के अधिकारियों जनप्रतिनिधियों क्षेत्रवासियों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp