प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि जनपद में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी एवं रोजगारपरक योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर निवासरत व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सभी अधिकारी संवेदनशीलता समन्वय और जवाबदेही के साथ कार्य करें। उन्होंने महिलाओं की आर्थिकी को सशक्त बनाने के लिए ‘लखपति दीदी योजना’ का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ और ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण करने के निर्देश दिए। विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने ग्राम्य विकास स्वरोजगार लघु एवं सूक्ष्म उद्योग खादी एवं ग्रामोद्योग मनरेगा आजीविका संवर्धन ग्रामीण अवस्थापना विकास कृषि उद्यान एवं पशुपालन सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शिता गुणवत्ता समयबद्धता और जवाबदेही के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य गांव गरीब किसान महिला और युवाओं तक योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना है। इसके लिए दूरस्थ क्षेत्रों में भी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित की जाए ताकि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी लाभ मिल सके। मंत्री ने स्वयं सहायता समूहों और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने तथा ‘लखपति दीदी योजना’ के लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने पर भी जोर दिया गया। कैबिनेट मंत्री ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र के निर्देशन में संचालित ‘क्लाउड किचन योजना’ की सराहना करते हुए कहा कि यह महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक प्रभावी पहल है। उन्होंने अधिक से अधिक महिलाओं को इस योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ एवं ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण करने और लगाए गए पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा आगामी लक्ष्यों की जानकारी दी। योजनाओं की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र के नेतृत्व में जनपद में विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो रहा है। उन्होंने सभी अधिकारियों को इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य जारी रखने के लिए प्रेरित किया। जनपद आगमन पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र ने कैबिनेट मंत्री का स्वागत करते हुए उन्हें धार्मिक पुस्तक भेंट की तथा आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों और सुझावों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश महाप्रबंधक उद्योग उत्तम सिंह तिवारी जिला परियोजना प्रबंधक रीप संजय सक्सेना खंड विकास अधिकारी बहादराबाद मानस मित्तल लक्सर परवीन भट्ट रुड़की सुमन कुटियाल खानपुर आलोक गर्गेय नारसन पवन सिंह सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
भरत सिंह चौधरी ने अधिकारियों को दिए जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश
