प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी एवं विकासपरक योजनाओं की उपलब्धियों के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से जनपद टिहरी गढ़वाल में 18 जून से 20 जून 2026 तक प्रदर्शनी एवं जनकल्याणकारी शिविरों का आयोजन किया गया। “सेवा सुशासन और विकास” के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित यह कार्यक्रम “विकसित भारत की ओर : जन-जन तक विकास हर घर कल्याण” थीम के अंतर्गत संचालित किया गया। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देशानुसार जनपद के विभिन्न विकासखंडों एवं नगर क्षेत्रों में आयोजित शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई। साथ ही पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ने तथा उन्हें योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई भी की गई। विकासखंड थौलधार में आयोजित जनकल्याणकारी शिविर का शुभारंभ विधायक धनौल्टी प्रीतम सिंह पंवार की अध्यक्षता में किया गया। वहीं विकासखंड भिलंगना में आयोजित शिविर विधायक शक्ति लाल शाह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। चंबा में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक किशोर उपाध्याय ने की। शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर सरकार की योजनाओं उपलब्ध सेवाओं पात्रता मानकों तथा आवेदन प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों एवं आमजन की समस्याओं को सुनते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त नरेंद्रनगर मुनि की रेती और तपोवन क्षेत्रों में भी प्रदर्शनी एवं जनकल्याणकारी शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉलों के माध्यम से लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। साथ ही आमजन की समस्याओं का समाधान करने के लिए विभागीय अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की गई। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करने तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम सरकार और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ-साथ विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
