Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशों के क्रम में केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूमि एवं भवन अधिग्रहण की प्रक्रिया को गति देने तथा संबंधित मामलों के प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा की उपस्थिति में राष्ट्रीय राजमार्ग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने नाला नारायणकोटी एवं भेटसेम ग्रामों का विस्तृत दौरा कर भूमि एवं भवन अधिग्रहण से संबंधित विभिन्न पहलुओं का परीक्षण किया। अधिकारियों ने अधिग्रहण क्षेत्र की वर्तमान स्थिति का जायजा लेने के साथ ही प्रभावित परिसंपत्तियों तथा संबंधित अभिलेखों का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान अधिग्रहण प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक बिंदुओं पर भी चर्चा की गई। अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि एवं भवन अधिग्रहण की समस्त प्रक्रियाएं शासन के दिशा-निर्देशों और निर्धारित नियमों के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपादित की जाएं। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने राजस्व विभाग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आवश्यक अभिलेखों का शीघ्र सत्यापन करने तथा प्रभावित लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा कि अधिग्रहण प्रक्रिया के दौरान प्रभावित पक्षों को पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाए और उनकी उचित समस्याओं का नियमानुसार समाधान किया जाए। संयुक्त निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय स्तर पर आवश्यक जानकारियां भी प्राप्त कीं तथा भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी पारदर्शी और सुचारु बनाने के लिए आवश्यक बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया। निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग एवं राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp