Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा-2026 को सुगम सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से विकासखंड दशोली मुख्यालय में औषधि निरीक्षक चमोली की अध्यक्षता में जिले के दवा विक्रेताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड तथा जिला प्रशासन चमोली की ओर से यात्रा अवधि के दौरान दवा आपूर्ति व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक को संबोधित करते हुए औषधि निरीक्षक चमोली हार्दिक भट्ट ने दवा व्यवसायियों को औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 तथा नियम 1945 के प्रावधानों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु जनपद में पहुंच रहे हैं ऐसे में सभी मेडिकल स्टोरों पर आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने दवा विक्रेताओं से 24 घंटे आवश्यक दवाएं उचित मूल्य पर उपलब्ध कराने तथा उनका पर्याप्त भंडारण बनाए रखने को कहा। बैठक में स्पष्ट किया गया कि किसी भी प्रकार की मनःप्रभावी अथवा नार्कोटिक्स श्रेणी की दवाएं बिना चिकित्सकीय परामर्श और वैध पर्चे के किसी भी व्यक्ति को उपलब्ध नहीं कराई जाएंगी। साथ ही दवा दुकानों में एक्सपायरी दवाओं का भंडारण अथवा वितरण पाए जाने पर संबंधित दवा विक्रेता के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। औषधि निरीक्षक ने कहा कि सभी दवा प्रतिष्ठानों में योग्य फार्मासिस्ट की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रत्येक मेडिकल स्टोर में सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें दवा विक्रेताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी दवा व्यवसायियों से नियमों का पालन करते हुए यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने का आह्वान किया गया। बैठक में दवा विक्रेता संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष एनपी तिवारी उपाध्यक्ष प्रवेन्द्र सिंह कोषाध्यक्ष संदीप सेमवाल महामंत्री आशीष खाली सहित जिले के सभी दवा विक्रेता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp