Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। हेमकुंड साहिब यात्रा पर जा रहे पंजाब निवासी दो सिक्ख श्रद्धालु एनएचपीसी बैंड के पास बाइक दुर्घटना में घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही टिहरी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया और सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार हेमकुंड साहिब यात्रा पर जा रहे दो श्रद्धालुओं की बाइक एनएचपीसी बैंड के पास अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई जिससे दोनों घायल हो गए। घटना की सूचना यूपी-112 के माध्यम से प्राप्त होते ही चौकी बछेलीखाल पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया तथा बिना समय गंवाए पुलिस वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागी देवप्रयाग पहुंचाकर भर्ती कराया जहां उनका उपचार किया गया। इसके साथ ही पुलिस द्वारा घायलों के परिजनों को भी दूरभाष के माध्यम से दुर्घटना की जानकारी दी गई। टिहरी पुलिस ने बताया कि चारधाम एवं हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सहायता और आपात परिस्थितियों में त्वरित राहत उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रा मार्गों पर पुलिस लगातार सतर्कता के साथ ड्यूटी कर रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp