Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। नगर निगम श्रीनगर गढ़वाल ने हरित ऊर्जा और आधुनिक परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए एनआईटी के समीप ई-वी (इलेक्ट्रिक वाहन) चार्जिंग स्टेशन के निर्माण कार्य का शुभारंभ कर दिया है। इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को आधुनिक और सुविधाजनक चार्जिंग सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। नगर निगम की महापौर आरती भंडारी ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। महापौर आरती भंडारी ने कहा कि भविष्य इलेक्ट्रिक वाहनों का है और नगर निगम उसी दिशा में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास कर रहा है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते उपयोग को देखते हुए चार्जिंग अवसंरचना का सुदृढ़ होना अत्यंत आवश्यक है। यह परियोजना न केवल आम नागरिकों की सुविधा बढ़ाएगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण और कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम श्रीनगर हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रहा है और शहर को स्वच्छ आधुनिक तथा पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उनके अनुसार यह चार्जिंग स्टेशन भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जा रहा है जिससे श्रीनगर में ग्रीन मोबिलिटी को नई गति मिलेगी। निरीक्षण के दौरान पार्षद दिनेश पटवाल भी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने नगर निगम की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे शहर के विकास और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते उपयोग के बीच यह चार्जिंग स्टेशन श्रीनगर को नई पहचान देने के साथ-साथ शहर को ग्रीन सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp