Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। नगर निगम श्रीनगर की महापौर आरती भंडारी ने शहर को शांत सुव्यवस्थित और आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में दो महत्वपूर्ण पहल शुरू की हैं। एक ओर श्रीनगर को प्रेशर हॉर्न फ्री जोन बनाने की प्रक्रिया तेज की जा रही है वहीं दूसरी ओर ऐतिहासिक गोला बाजार के सौंदर्यीकरण को लेकर भी प्रयासों को गति दी गई है। महापौर आरती भंडारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार से मुलाकात कर श्रीनगर को प्रेशर हॉर्न फ्री जोन बनाने के लिए सहयोग का अनुरोध किया। इस दौरान एसएसपी ने नगर निगम की पहल की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि पुलिस विभाग परिवहन विभाग और नगर निगम की संयुक्त बैठक आयोजित कर योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए रणनीति तैयार की जाएगी। महापौर ने कहा कि श्रीनगर शिक्षा का प्रमुख केंद्र है जहां हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय एनआईटी उत्तराखंड मेडिकल कॉलेज आईटीआई सहित कई शिक्षण संस्थानों में हजारों छात्र-छात्राएं अध्ययन करते हैं। ऐसे में प्रेशर हॉर्न से बढ़ता ध्वनि प्रदूषण विद्यार्थियों मरीजों वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों के लिए गंभीर समस्या बन चुका है। नगर निगम ने पहले चरण में पंचपीपल से स्वीत पुल तक के क्षेत्र को प्रेशर हॉर्न फ्री जोन बनाने का प्रस्ताव रखा है। इसके अंतर्गत प्रेशर हॉर्न के उपयोग पर रोक अनावश्यक हॉर्न बजाने वालों के खिलाफ कार्रवाई तथा जनजागरूकता अभियान संचालित किए जाएंगे। योजना सफल होने पर श्रीनगर उत्तराखंड के शांत और व्यवस्थित शहरों की श्रेणी में शामिल हो सकता है। इसी क्रम में महापौर आरती भंडारी ने पौड़ी में गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप से मुलाकात कर शहर की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की तथा गोला बाजार के सौंदर्यीकरण के लिए धनराशि उपलब्ध कराने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि गोला बाजार श्रीनगर का सबसे पुराना और व्यस्त व्यापारिक क्षेत्र है। बरसात के दौरान यहां जलभराव की समस्या बनी रहती है। साथ ही गोला पार्क शहर का प्रमुख सार्वजनिक स्थल है जहां विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं। गोला बाजार के सौंदर्यीकरण के लिए 148.57 लाख रुपये की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जा चुकी है लेकिन धनराशि स्वीकृत न होने के कारण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने इस संबंध में जल्द संबंधित विभागों की बैठक आयोजित कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। महापौर आरती भंडारी ने कहा कि श्रीनगर केवल एक शहर नहीं बल्कि गढ़वाल की ऐतिहासिक शैक्षिक और सांस्कृतिक पहचान है। नगर निगम की प्राथमिकता नागरिकों को स्वच्छ शांत और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है। प्रेशर हॉर्न फ्री जोन बनने से ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण होगा जबकि गोला बाजार के सौंदर्यीकरण से शहर की सुंदरता बढ़ने के साथ व्यापार और नागरिक सुविधाओं को भी मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर पार्षद दिनेश पटवाल रमेश रमोला आशीष नेगी और राजकुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। महापौर की इन पहलों को श्रीनगर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है जिससे शहर को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp