Spread the love

रुद्रप्रयाग में तहसील दिवस आयोजित हुआ जिसमें दर्ज सभी शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया

प्रदीप कुमार
रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल।मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में तहसील सभागार में मुख्यमंत्री जन समर्पण दिवस (तहसील दिवस) का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अलग-अलग विभागों से संबंधित सभी शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया।झुंडोली (पिपली) निवासी गुमान सिंह ने शिकायत दर्ज करते हुए बताया कि उनके पिता की मृत्यु हो जाने के बाद पैतृक राजस्व खाता खतौनी में उनका तथा अन्य भाईयों का नाम दर्ज होना है जिस संबंध में क्षेत्रीय राजस्व उप निरीक्षक द्वारा की जाने वाली कार्यवाही नहीं हो पाई है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि अविलंब उनका नाम खाता-खतौनी में दर्ज किए जाने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। बोरा तल्ला की मीना देवी द्वारा खाता खतौनी में उनके ससुर का नाम गलत दर्ज होने की समस्या से अवगत कराया गया।मुख्य विकास अधिकारी ने प्राप्त शिकायतों पर तहसीलदार एवं संबंधित राजस्व उप निरीक्षकों को अविलंब कार्यवाही करने हेतु निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही निस्तारण हो सके यही सरकार का मुख्य उद्देश्य है। इसके लिए प्रत्येक सोमवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विकास भवन में जन संवाद कार्यक्रम सहित माह में तहसील दिवस व जनपद स्तरीय अधिकारियों द्वारा अलग-अलग गांव का स्थलीय भ्रमण किया जा रहा है। बताया कि काफी हद तक स्थानीय फरियादियों को उक्त आयोजित होने वाले कार्यक्रमों से लाभ हो रहा है। स्थानीय स्तर पर ही उनकी समस्याओं का यथासंभव निराकरण किए जाने का प्रयास किया जा रहा है जिससे उनके समय व धन की भी बचत हो रही है। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से सभी शिकायतों पर की जाने वाली कार्यवाही से संबंधित शिकायत कर्ता को सूचित करने के भी निर्देश दिए हैं।इस अवसर पर उप जिलाधिकारी आशीष चंद्र घिल्डियाल,तहसीलदार राम किशोर ध्यानी,जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्र,खंड विकास अधिकारी प्रवीन भट्ट,अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग मीनल गुलाटी,मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डाॅ.आशीष रावत,मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र सिंह बिष्ट,जिला पूर्ति अधिकारी केएस कोहली,प्रभारी शिकायत प्रकोष्ठ विनोद कुमार सहित विभिन्न अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp