Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में नशा मुक्त भारत पखवाड़ा के अंतर्गत थाना लंबगांव एवं कोतवाली कैम्पटी पुलिस द्वारा 26 जून को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में व्यापक नशा मुक्ति जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों का उद्देश्य आमजन विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा जनपद को नशामुक्त बनाने के अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देना रहा। जागरूकता कार्यक्रमों में लंबगांव बाजार तथा जागधार (नैनबाग) क्षेत्र के ग्राम प्रधानों जनप्रतिनिधियों गणमान्य नागरिकों व्यापारियों युवाओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले सामाजिक आर्थिक शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी। युवाओं से विशेष रूप से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार मित्रों और समाज को भी इस सामाजिक बुराई से बचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। इस अवसर पर पुलिस टीमों द्वारा नशा मुक्ति से संबंधित जागरूकता पंपलेट एवं प्रचार सामग्री वितरित की गई। इनमें नशे के दुष्प्रभाव कानूनी प्रावधान तथा नशामुक्त समाज के निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश शामिल थे। उपस्थित लोगों से इन संदेशों को अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाकर अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने की अपील भी की गई। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी बिक्री भंडारण एवं सेवन से संबंधित कठोर कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाती है। पुलिस ने आमजन से अपील की कि नशे के कारोबार अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। कार्यक्रम के समापन पर ग्राम प्रधानों जनप्रतिनिधियों व्यापारियों स्थानीय नागरिकों युवाओं एवं पुलिस कर्मियों ने सामूहिक रूप से नशे से दूर रहने तथा अपने गांव क्षेत्र और जनपद को नशामुक्त बनाने की शपथ ली। सभी ने समाज में नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने और युवाओं को इस बुराई से बचाने का संकल्प भी लिया। टिहरी पुलिस ने अपने संदेश में कहा कि नशे से दूरी ही स्वस्थ सुरक्षित और समृद्ध समाज की पहचान है। आइए सभी मिलकर नशामुक्त उत्तराखंड और नशामुक्त टिहरी के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp