Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जिला समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित नशा मुक्ति सप्ताह के अंतर्गत शनिवार को पीएम श्री राजकीय केंद्रीय विद्यालय गोपेश्वर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं और आमजन को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ सुरक्षित और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के विरुद्ध शपथ दिलाई गई तथा पोस्टर और निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। पोस्टर प्रतियोगिता में अपर्णा ने प्रथम अमीषा ने द्वितीय और साक्षी रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं निबंध प्रतियोगिता में मानसी तोपाल प्रथम अन्वीक्षा जोशी द्वितीय तथा आराध्या तृतीय स्थान पर रहीं। विजेता प्रतिभागियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया जबकि कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों को टी-शर्ट वितरित की गई। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि नशा व्यक्ति परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। इंस्पेक्टर सत्येंद्र बुटोला ने कहा कि तंबाकू शराब और अन्य मादक पदार्थों का सेवन कई गंभीर बीमारियों का कारण बनता है तथा इससे व्यक्ति के साथ-साथ पूरे समाज पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। बाल संरक्षण अधिकारी रजनी पंवार ने युवाओं से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल योग व्यायाम और अन्य रचनात्मक गतिविधियों से युवाओं को जोड़कर नशे की प्रवृत्ति पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं संचार प्रबंधक उदय सिंह रावत ने बताया कि नशे की लत से जूझ रहे लोगों के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से आवश्यकता पड़ने पर इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य पुष्पलता आर्य वीरेंद्र कोटियाल गजेंद्र सिंह नितिन देवराड़ी परियोजना समन्वयक चाइल्ड हेल्पलाइन राजीव नौटियाल सहित विद्यालय के शिक्षक कर्मचारी छात्र-छात्राएं और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp