Spread the love

प्रदीप कुमार
भगवानपुर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने हत्या की सनसनीखेज वारदात का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और रक्तरंजित कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद हत्या की वजह सामने आया है। 26 जून 2026 को थाना भगवानपुर क्षेत्र के हल्लूमाजरा चौक स्थित गुफरान चिकन सेंटर के समीप एक व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही भगवानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मौके को सुरक्षित कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। फोरेंसिक टीम को बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए गए तथा शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की मोर्चरी भेजा गया। प्राप्त तहरीर एवं साक्ष्यों के आधार पर 27 जून 2026 को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी भगवानपुर के पर्यवेक्षण में तथा प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। गठित टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सर्विलांस इनपुट इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से लगातार जांच की। तकनीकी साक्ष्यों और मजबूत पुलिसिंग के आधार पर घटना के मात्र 48 घंटे के भीतर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी शहनवाज पुत्र मीरू निवासी बड़ीवाला थाना छपार जनपद मुजफ्फरनगर ने बताया कि उसकी पुत्री का प्रेम विवाह उसके सगे भांजे मुफीद के साथ हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और तलाक की नौबत आ गई। आरोपी अपनी पुत्री का वैवाहिक जीवन टूटने और भविष्य खराब होने के लिए मुफीद को जिम्मेदार मानता था। इसी रंजिश में उसने पहले से योजना बनाकर भगवानपुर पहुंचकर एक चाकू खरीदा और मौका मिलते ही मुफीद पर ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू तथा घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े बरामद कर लिए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आवश्यक धाराओं की वृद्धि करते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मृतक मुफीद पुत्र मतलूब निवासी रोलाहेड़ी थाना पिरान कलियर जनपद हरिद्वार। गिरफ्तार आरोपी शहनवाज पुत्र मीरू निवासी बड़ीवाला थाना छपार जनपद मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) उम्र 50 वर्ष। बरामदगी हत्या में प्रयुक्त चाकू तथा रक्तरंजित कपड़े। पुलिस टीम प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश कुमार सैनी उपनिरीक्षक प्रदीप चौहान कांस्टेबल उवैदउल्ला कांस्टेबल दीपक ममगाई तथा कांस्टेबल सचिन तोमर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp