Spread the love

प्रदीप कुमार
कलियर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले का मात्र 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया। पुलिस ने अपहृत नाबालिग को सकुशल बरामद करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता के साथ पोक्सो अधिनियम की धाराओं में भी कार्रवाई की गई है। 27 जून 2026 को बेड़पुर निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली पिरान कलियर में तहरीर देकर बताया कि उसकी नाबालिग पुत्री को नितिन उर्फ रामकुमार पुत्र रामपाल निवासी ग्राम सोहलपुर थाना कलियर शरीफ बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। तहरीर के आधार पर कोतवाली पिरान कलियर में तत्काल मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता और नाबालिग की सुरक्षा को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी कोतवाली पिरान कलियर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की। बेड़पुर इमलीखेड़ा कलियर रुड़की मार्ग बस अड्डे रेलवे स्टेशन तथा आसपास के बाजार क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया गया। तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ मुखबिर तंत्र और मैनुअल पुलिसिंग को भी सक्रिय किया गया। लगातार प्रयासों के बाद उसी दिन मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने इमलीखेड़ा स्थित माजरी चौक क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा उसके कब्जे से नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नाबालिग को विवाह का झांसा देकर अपने साथ ले गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं के साथ पोक्सो अधिनियम की सुसंगत धाराओं की भी बढ़ोत्तरी की गई है। बरामद नाबालिग को नियमानुसार जिला बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत कर संरक्षण में भेज दिया गया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है। गिरफ्तार आरोपी नितिन उर्फ रामकुमार पुत्र रामपाल निवासी ग्राम सोहलपुर थाना कलियर शरीफ जनपद हरिद्वार। पुलिस टीम प्रशिक्षु क्षेत्राधिकारी एवं प्रभारी कोतवाली पिरान कलियर द्विव्येश उपाध्याय उपनिरीक्षक शहजाद अली महिला उपनिरीक्षक अंशु चौधरी कोतवाली रुड़की विवेचक हेड कांस्टेबल बबलू कुमार तथा महिला होमगार्ड डिम्पल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp