Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद के प्रभारी सचिव दिलीप जावलकर ने सोमवार को निर्माणाधीन हेरिटेज भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से भवन की कार्ययोजना डिजाइन तथा शेष निर्माण कार्यों की जानकारी लेते हुए परियोजना को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने कहा कि हेरिटेज भवन को स्थानीय विरासत के अनुरूप आकर्षक एवं उपयोगी स्वरूप दिया जाए ताकि यह सांस्कृतिक गतिविधियों और पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके। उन्होंने आगंतुकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए भवन तथा उसके आसपास सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने पर भी विशेष बल दिया। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग रीना नेगी ने बताया कि भवन के इंटीरियर कार्य का प्राक्कलन तैयार कर पर्यटन विभाग को भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही आंतरिक साज-सज्जा एवं अन्य संबंधित कार्य प्रारंभ कर दिए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी अपर जिलाधिकारी एफ.आर.चौहान संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp