Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक प्रकाश की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों तथा आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी गई। बैठक में बताया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम निर्वाचक नामावली में शामिल करना तथा अपात्र मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाकर मतदाता सूची को शुद्ध अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है। निर्वाचन आयोग की थीम “No Eligible Voter to be Left Behind” के अनुरूप सभी राजनीतिक दलों एवं संबंधित पक्षों से अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। अभियान की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया गया कि जनपद में कुल 2,95,623 मतदाताओं के सापेक्ष 2,95,432 गणना प्रपत्रों का वितरण किया जा चुका है जो कुल लक्ष्य का 99.94 प्रतिशत है। वहीं 2,67,378 गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूर्ण कर लिया गया है जो 90.45 प्रतिशत प्रगति को दर्शाता है। विधानसभावार प्रगति के अनुसार बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र में 90.02 प्रतिशत थराली विधानसभा क्षेत्र में 91.32 प्रतिशत तथा कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में 89.93 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पात्र मतदाताओं तक समयबद्ध रूप से गणना प्रपत्र पहुंचाने तथा सत्यापन प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग देने का अनुरोध किया गया। बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी धीरेन्द्र सती भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रतिनिधि मदन लोहानी आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधि अनूप सिंह रावत कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि ज्ञानेन्द्र खनतवाल सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं बीएलए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp