Spread the love

प्रदीप कुमार
लक्सर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार पुलिस ने अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत ग्राम रणसूरा में हुई जानलेवा फायरिंग की घटना में फरार चल रहे एक और आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। घटना के बाद से फरार चल रहे जाहिद पुत्र यासीन निवासी ग्राम रणसूरा को कोतवाली लक्सर पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर गांव में दबिश देकर गिरफ्तार किया। 14 मई 2026 को गुफरान पुत्र मुर्सलीन निवासी ग्राम रणसूरा ने कोतवाली लक्सर में शिकायत दर्ज कराई थी कि विपक्षियों ने एक राय होकर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी लक्सर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक लक्सर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। घटना का मुख्य आरोपी और मास्टरमाइंड अनीश पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है जबकि अन्य आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहे थे। गिरफ्तार आरोपी जाहिद गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था। पुलिस टीमों ने उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। न्यायालय के आदेश पर उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कराया गया तथा गांव में ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी भी कराई गई। इसके बावजूद वह कानून के शिकंजे से बच नहीं सका। 29 जून 2026 को पुलिस ने सटीक गुप्त सूचना के आधार पर गांव रणसूरा क्षेत्र में दबिश देकर जाहिद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई स्पष्ट करती है कि अपराध कर फरार होना किसी भी आरोपी के लिए बचाव का रास्ता नहीं है। हरिद्वार पुलिस तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर लगातार आरोपियों की तलाश कर रही है और कानून से बचने का हर प्रयास विफल किया जाएगा। घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस टीम प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान उपनिरीक्षक दीपक चौधरी चौकी प्रभारी भिक्कमपुर हेड कांस्टेबल रियाज अली तथा हेड कांस्टेबल विनोद कुमार।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp