प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिला सभागार में मंगलवार को आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने ऑनलाइन कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर जनपद की आपदा प्रबंधन तैयारियों की समीक्षा की। बैठक के दौरान जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने आपदा प्रबंधन सचिव को अवगत कराया कि आगामी 2 जुलाई को जनपद के संवेदनशील क्षेत्रों मदमहेश्वर कुंड छेनागाड़ केदारनाथ पैदल मार्ग तथा नरकोटा में व्यापक आपदा मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि मॉक ड्रिल के लिए अगस्त्यमुनि खेल मैदान को स्ट्रेचिंग एरिया के रूप में चिन्हित किया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य संभावित आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों तथा आपदा से निपटने की क्षमता का परीक्षण करना है। इस अभ्यास में स्वास्थ्य विभाग सेना आईटीबीपी पुलिस एनडीआरएफ एसडीआरएफ जल पुलिस सहित अन्य संबंधित विभाग सक्रिय रूप से भाग लेंगे। बैठक में आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों को निर्देश दिए गए कि वे आपसी समन्वय के साथ पूरी तत्परता से कार्य करें ताकि किसी भी आपात स्थिति में प्रभावी एवं त्वरित राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित किए जा सकें। बैठक में अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार खंड विकास अधिकारी सुरेश साह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
