Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद टिहरी गढ़वाल में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मुनि की रेती पुलिस सीआईयू एवं एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक किलोग्राम अवैध चरस के साथ दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल एवं क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण में 30 जून 2026 की रात जानकी सेतु पार्किंग के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान संयुक्त पुलिस टीम ने दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली जिनके कब्जे से 980 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या UP-11DC-1317 भी जब्त कर ली गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे यह चरस उत्तरकाशी जनपद के भटवाड़ी क्षेत्र से लेकर आए थे। पूछताछ के दौरान पुलिस को अन्य ड्रग्स पैडलरों और तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण इनपुट भी मिले हैं जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई तेज कर दी गई है। बरामदगी के आधार पर थाना मुनि की रेती में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल पाल (26 वर्ष) पुत्र राजेश कुमार निवासी मकान संख्या 258 मोहल्ला हाफिज दोस्त शिव मंदिर घंटोंवाली मोहल्ला थाना भवन जनपद शामली (उत्तर प्रदेश) तथा रजत कुमार (26 वर्ष) पुत्र राकेश कुमार सैनी निवासी उपरोक्त पते के रूप में हुई है। बरामदगी में 980 ग्राम अवैध चरस तथा मोटरसाइकिल संख्या UP-11DC-1317 शामिल है। इस कार्रवाई में थाना मुनि की रेती से उपनिरीक्षक अरविंद रतूड़ी (चौकी प्रभारी जानकी पुल) कांस्टेबल सिंह राज एवं कांस्टेबल कुलबीर तथा सीआईयू एवं एएनटीएफ से निरीक्षक धर्मेंद्र रौतेला (प्रभारी एएनटीएफ) अपनी टीम सहित तथा उपनिरीक्षक ओमकांत भूषण (प्रभारी सीआईयू) अपनी टीम सहित शामिल रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद टिहरी गढ़वाल में नशे का कारोबार करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है। ड्रग्स माफिया के विरुद्ध अभियान लगातार और पहले से अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp