Spread the love

प्रदीप कुमार
कोटद्वार/पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने महिलाओं के गले से सोने की चेन चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह सार्वजनिक वाहनों और ऑटो में सफर कर रही महिलाओं को निशाना बनाता था। पुलिस ने चोरी की चेन बेचकर प्राप्त 1.10 लाख रुपये की नकदी तथा घटना में प्रयुक्त दो कारें भी बरामद की हैं। मामले में एक महिला आरोपी अभी फरार है जिसकी तलाश जारी है। मोटाढाक निवासी सतेश्वरी देवी ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराई थी कि 23 जून 2026 को वह उमराव नगर से सिम्मलचौड़ जाने के लिए ऑटो में सवार हुई थीं। रास्ते में दो महिलाएं भी उसी ऑटो में बैठीं। गंतव्य पर उतरने के बाद उन्हें पता चला कि उनके गले में पहनी सोने की चेन चोरी हो चुकी है। शिकायत मिलने पर कोतवाली कोटद्वार में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने घटना के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर के निर्देशन क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता ममगाई के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और संभावित मार्गों पर लगे लगभग 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। दुर्गापुरी देवी मंदिर रोड नजीबाबाद रोड हरिद्वार मुजफ्फरनगर मेरठ तथा आगे हरियाणा तक पुलिस टीमों ने लगातार सुरागरसी की। तकनीकी साक्ष्यों सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की सहायता से पुलिस को पता चला कि आरोपी दो कारों से कोटद्वार आए थे और घटना के बाद मेरठ की ओर चले गए। लगातार सात दिन तक चली जांच के बाद पुलिस ने 30 जून 2026 को विक्रम निवासी फरीदाबाद (हरियाणा) सतीश निवासी मेरठ (उत्तर प्रदेश) तथा ज्योति निवासी रेवाड़ी (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया। मामले में नामजद महिला आरोपी शिल्पी निवासी नोएडा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने कोटद्वार से चोरी की गई सोने की चेन को 1 लाख 10 हजार रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चेन बेचकर प्राप्त पूरी नकदी बरामद कर ली। साथ ही घटना में प्रयुक्त सियाज कार और अर्टिगा कार भी जब्त कर ली गई हैं। चोरी की चेन खरीदने वाले व्यक्ति के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है और उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरोह पूरी योजना के साथ चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। आरोपी दो वाहनों का इस्तेमाल करते थे। एक वाहन को घटनास्थल से दूर खड़ा किया जाता था जबकि महिला आरोपी सार्वजनिक वाहनों में आभूषण पहने महिलाओं के पास बैठकर दुपट्टे या बैग की आड़ में उनके गले से चेन और अन्य आभूषण चोरी कर लेती थीं। चोरी के तुरंत बाद वे अपने साथियों से संपर्क कर दूसरे वाहन में सामान सुरक्षित रख देती थीं जिससे पुलिस की तलाशी में कोई बरामदगी न हो सके। इसी तरीके से गिरोह कई घटनाओं को अंजाम देता था। गिरफ्तार आरोपी विक्रम 36 वर्ष निवासी सारण फरीदाबाद हरियाणा। सतीश 36 वर्ष वर्तमान निवासी मेरठ उत्तर प्रदेश मूल निवासी दादरी नोएडा कथित पत्रकार ज्योति 23 वर्ष निवासी धारूहेड़ा जिला रेवाड़ी हरियाणा। वांछित आरोपी शिल्पी निवासी वर्तमान मेरठ उत्तर प्रदेश मूल निवासी दादरी नोएडा बरामदगी चोरी के 1,10,000 रुपये नकद। घटना में प्रयुक्त सियाज कार घटना में प्रयुक्त अर्टिगा कार पुलिस टीम उपनिरीक्षक मेहराजुद्दीन कोतवाली कोटद्वार उपनिरीक्षक विनोद चपराना चौकी प्रभारी बाजार कोटद्वार कांस्टेबल अनुज त्यागी कांस्टेबल चन्द्रपाल होमगार्ड कुलदीप पीआरडी मनीषा पीआरडी मोनिका एसओजी/सीआईयू टीम उपनिरीक्षक रणजीत तोमर प्रभारी सीआईयू कोटद्वार अपर उपनिरीक्षक अहसान अली हेड कांस्टेबल उत्तम। कांस्टेबल सितान्शु।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp