Spread the love

प्रदीप कुमार
गोपेश्वर/चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चन्द्रकला तिवारी के प्रथम बार पुलिस कार्यालय गोपेश्वर पहुंचने पर पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान उपाध्यक्ष ने पुलिस अधीक्षक को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा जनपद में कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा के क्षेत्र में चमोली पुलिस द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। बैठक के दौरान महिला सुरक्षा महिला सशक्तिकरण साइबर अपराधों से महिलाओं की सुरक्षा घरेलू हिंसा बालिकाओं के प्रति जागरूकता तथा महिला हेल्पलाइन सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही महिलाओं से जुड़े मामलों के त्वरित एवं संवेदनशील निस्तारण तथा जनजागरूकता कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार ने कहा कि चमोली पुलिस महिलाओं की सुरक्षा सम्मान और विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही स्कूलों कॉलेजों सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा संबंधी उपायों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। बैठक में महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर समन्वित प्रयासों को और मजबूत बनाने पर सहमति व्यक्त की गई ताकि महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ जनजागरूकता कार्यक्रमों को भी अधिक प्रभावी बनाया जा सके। इस अवसर पर कुंवर सिंह रावत रश्मि रावत आशा देवी दीप्ति कोठियाल कलावती पाठक एवं ज्योति मैठाणी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp