Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। थाना पथरी क्षेत्र के ग्राम बोडाहेड़ी में हाल ही में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट और झगड़े के बाद शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना पथरी पुलिस ने गांव में ड्रोन कैमरों की सहायता से निगरानी कर माहौल बिगाड़ने की आशंका वाले स्थानों की पहचान की और कानूनी कार्रवाई शुरू की। बोडाहेड़ी गांव में कुछ दिन पहले दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए थे। विवाद के दौरान दोनों पक्षों की ओर से छतों से पथराव किए जाने से गांव की शांति व्यवस्था प्रभावित हुई थी। इसी को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 1 जुलाई 2026 को थाना पथरी पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाया। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ड्रोन कैमरों के साथ गांव पहुंची और छतों पर रखे गए ईंट-पत्थरों की निगरानी की। पुलिस ने ड्रोन की मदद से उन मकानों की पहचान की जहां छतों पर बड़ी मात्रा में ईंट और पत्थर रखे गए थे। पुलिस की मौजूदगी में लोगों से छतों पर रखे ईंट-पत्थर हटवाए गए तथा स्पष्ट चेतावनी दी गई कि भविष्य में माहौल खराब करने के उद्देश्य से छतों पर ईंट-पत्थर रखने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने छतों पर ईंट-पत्थर रखकर माहौल बिगाड़ने की आशंका वाले 22 महिलाओं और 29 पुरुषों कुल 51 लोगों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 126 और 135 के तहत विधिक कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा कि कानून से बढ़कर कोई नहीं है। शांति व्यवस्था भंग करने या अपराध करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस टीम: थाना प्रभारी रविंद्र कुमार उपनिरीक्षक बबलू चौहान उपनिरीक्षक महेंद्र पुंडीर राकेश नेगी नारायण नारायण राणा चालक पंकज आदेश चौहान और सुबोध।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp