Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद रुद्रप्रयाग में जिला विकास अधिकारी के पद पर कार्यरत अनीता पंवार के सहायक परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण देहरादून के पद पर स्थानांतरण होने पर ग्राम्य विकास विभाग द्वारा भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। अनीता पंवार ने 17 जून 2023 को जनपद रुद्रप्रयाग में जिला विकास अधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था। अपने लगभग तीन वर्ष के कार्यकाल के दौरान उन्होंने ग्राम्य विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण कार्यों का सफल संचालन किया। अपने दायित्वों के अतिरिक्त उन्होंने परियोजना निदेशक तथा सहायक परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के कार्यों का भी प्रभावी ढंग से निर्वहन किया। उनके कार्यकाल में वर्ष 2023 से वर्ष 2026 तक आयोजित केदारनाथ यात्रा के दौरान सहायक नोडल अधिकारी के रूप में उन्होंने सभी जिम्मेदारियों का समर्पण और दक्षता के साथ निर्वहन किया। इसके अलावा पंचायत चुनाव तथा नगर निकाय चुनाव जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के सफल संचालन में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि जिला विकास अधिकारी के रूप में अनीता पंवार ने उत्कृष्ट प्रशासनिक क्षमता अनुशासन और समर्पण का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि उनकी कार्यशैली सदैव परिणामोन्मुख रही तथा चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी उन्होंने शांत एवं दूरदर्शी निर्णय लेकर विभाग को नई दिशा प्रदान की। उन्होंने कहा कि केदारनाथ यात्रा जैसे चुनौतीपूर्ण दायित्वों से लेकर विभिन्न प्रशासनिक कार्यों के सफल संचालन तक उनका योगदान सदैव सराहनीय रहा। उनका सरल व्यवहार सकारात्मक सोच और कर्मचारियों के प्रति सहयोगात्मक दृष्टिकोण उन्हें एक कुशल अधिकारी के साथ-साथ श्रेष्ठ मार्गदर्शक भी बनाता है। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी अगस्त्यमुनि सुरेश शाह जिला उद्यान अधिकारी आर.पी. जसोला जिला पूर्ति अधिकारी के.एस.कोहली मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी संदीप भट्ट जिला सूचना अधिकारी के.एल. टम्टा जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर.मलेठा जिला पंचायत राज अधिकारी प्रेम सिंह रावत अंकित रावत सुखवीर बिष्ट सहित विभाग के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन किशन रावत ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp