Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम की यात्रा इस वर्ष भी सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से संचालित हो रही है। मानसून की सक्रियता के कारण मौसम में लगातार बदलाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रा मार्ग की लगातार निगरानी शुरू कर दी है तथा समय-समय पर आवश्यक सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि वर्तमान मानसून काल में वर्षा तथा ग्रीष्मकालीन अवकाश समाप्त होने के कारण यात्रियों की संख्या में स्वाभाविक कमी आई है। इसके बावजूद श्री केदारनाथ धाम यात्रा पूरी तरह सुचारु रूप से संचालित हो रही है और प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि यात्रा पर निकलने से पहले अपने स्वास्थ्य की जांच अवश्य कराएं और चिकित्सकीय रूप से स्वयं को यात्रा के लिए सक्षम सुनिश्चित करें। यात्रा के दौरान रेनकोट छाता गर्म कपड़े तथा अन्य आवश्यक सामग्री अपने साथ रखें ताकि मौसम खराब होने की स्थिति में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून के दौरान यात्रा मार्ग के कुछ स्थान भूस्खलन और लैंडस्लाइड की दृष्टि से संवेदनशील रहते हैं। ऐसे में श्रद्धालु पूरी सावधानी और सतर्कता के साथ यात्रा करें तथा किसी प्रकार की जल्दबाजी न करें। यदि मौसम अथवा मार्ग की स्थिति को देखते हुए प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा के लिए कुछ समय के लिए यात्रा रोकने या किसी स्थान पर प्रतीक्षा करने के निर्देश देता है तो उनका धैर्यपूर्वक पालन करें। उन्होंने कहा कि शासन जिला प्रशासन और आपदा परिचालन केंद्र द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देश यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर जारी किए जाते हैं। इसलिए सभी श्रद्धालु इनका पूरी तरह पालन करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। किसी भी सूचना के लिए केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे जिम्मेदार तीर्थयात्री के रूप में यात्रा करें प्रशासन का सहयोग करें तथा अपनी सुरक्षा के साथ-साथ अन्य यात्रियों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सहयोग से श्री केदारनाथ धाम यात्रा सुरक्षित सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp