Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश सरकार के निर्देशों के अनुपालन में सेवा सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत जनपद रुद्रप्रयाग में सेवा सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान जनपद स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जिनका उद्देश्य राज्य सरकार द्वारा पिछले पांच वर्षों में किए गए विकास कार्यों जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। इसी क्रम में 4 जुलाई को क्रीड़ा भवन अगस्त्यमुनि में जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाएंगे जहां आमजन को विभागीय योजनाओं सेवाओं और लाभकारी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित भी किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने क्रीड़ा भवन अगस्त्यमुनि पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंच व्यवस्था विभागीय स्टॉल पेयजल विद्युत बैठने की व्यवस्था स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संचालित हों। इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद के सभी विभागीय अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन विभागों को जो भी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए ताकि कार्यक्रम का सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने निर्देशित किया कि कार्यक्रम के दौरान सभी विभाग अपने-अपने स्टॉल स्थापित कर राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं तथा अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य करें। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर खंड विकास अधिकारी सुरेश शाह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp