प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन एवं सतत मॉनिटरिंग में जनपदभर में संचालित ऑपरेशन प्रहार के तहत नशे के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना पोखरी पुलिस ने एक नशा तस्कर को 0.93 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार कर सफलता हासिल की है। थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार पंत के नेतृत्व में थाना पोखरी पुलिस विशाल–तिहारा मोटर मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान विशाल तिहारा के पास एक युवक पुलिस टीम को देखकर घबराकर भागने लगा। उसके हाव-भाव संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान युवक की पहचान मयंक भट्ट पुत्र सतीश भट्ट, निवासी ग्राम चमशील थाना पोखरी जनपद चमोली उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 0.93 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध थाना पोखरी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार पंत उपनिरीक्षक प्रशांत बिष्ट उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह आरक्षी ललित कुमार तथा आरक्षी भरत सिंह टोलिया शामिल रहे।
