Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। जिला कारागार देहरादून में निरुद्ध महिला बंदियों को सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून की ओर से विशेष पहल की गई। इसके तहत सोमवार को क्लाउड-9 यूनिसेक्स सैलून देहरादून के सहयोग से 44 महिला बंदियों के लिए ब्यूटी एवं ग्रूमिंग स्किल्स प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्लाउड-9 की अधिकारी मिली थावानी के नेतृत्व में महिला बंदियों को हेयरकट क्लीनअप थ्रेडिंग और वैक्सिंग सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के समन्वय से आयोजित इस कार्यक्रम में क्लाउड-9 देहरादून ने सहयोग प्रदान किया। प्रशिक्षण सत्र का उद्देश्य महिला बंदियों को व्यक्तिगत स्वच्छता स्वयं की देखभाल हेयर ग्रूमिंग तथा ब्यूटी और पर्सनल केयर से संबंधित व्यावहारिक जानकारी देना रहा। इसके साथ ही समाज के वंचित वर्ग तक मूलभूत सौंदर्य सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास भी किया गया। यह कार्यक्रम जिला न्यायाधीश देहरादून हरीश कुमार गोयल के दिशा-निर्देशन में आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि कारागार में सुधार और पुनर्वास की अवधारणा केवल निरुद्ध व्यक्तियों को विधिक सहायता उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है। इसका उद्देश्य उनके व्यक्तित्व में सकारात्मक बदलाव लाना और उन्हें समाज में सम्मानपूर्वक दोबारा स्थापित होने के अवसर उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने कहा कि इसी दृष्टिकोण के तहत आयोजित यह कार्यक्रम महिला बंदियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने और स्वयं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरित करने का प्रयास है। ऐसे प्रयास उन्हें आत्मविश्वास के साथ जीवन की नई शुरुआत करने में मददगार हो सकते हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिला बंदियों की गरिमा आत्मसम्मान और पुनर्वास को बढ़ावा देना है। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम महिला बंदियों को यह एहसास कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं कि परिस्थितियां चाहे जैसी भी रही हों लेकिन सकारात्मक बदलाव और बेहतर भविष्य की संभावनाएं हमेशा बनी रहती हैं। प्राधिकरण की सचिव के अनुसार विधिक सेवा संस्थाओं का दायित्व जरूरतमंद व्यक्तियों को न्याय तक पहुंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके अधिकारों मानवीय गरिमा और पुनर्वास के प्रयासों को प्रोत्साहित करना भी है। महिला बंदियों के लिए आयोजित इस तरह की गतिविधियां इसी व्यापक उद्देश्य का हिस्सा हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने कार्यक्रम में सहयोग के लिए क्लाउड-9 की ओर से उपस्थित अधिकारी मिली थावानी का आभार व्यक्त किया। प्राधिकरण ने भविष्य में भी बंदियों और समाज के अन्य वंचित वर्गों के हित में विधिक जागरूकता कौशल विकास तथा पुनर्वास से संबंधित गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *