Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जिला कारागार पौड़ी गढ़वाल में बंदियों के पुनर्वास सुधार तथा सम्मानजनक जीवन की भावना को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आधुनिक हेयर सैलून का शुभारंभ किया गया। आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला न्यायाधीश धर्म सिंह ने सैलून का उद्घाटन करते हुए इसे बंदियों के मानवाधिकारों की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। जिला न्यायाधीश धर्म सिंह ने कहा कि कारागार केवल दंड देने का स्थान नहीं बल्कि सुधार पुनर्वास और समाज की मुख्यधारा से पुनः जोड़ने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि बंदियों को सम्मानजनक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना न्याय व्यवस्था की मानवीय भावना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। स्वच्छ एवं व्यवस्थित हेयर सैलून की सुविधा से बंदियों में आत्मविश्वास आत्मसम्मान और अनुशासन की भावना विकसित होगी। यह पहल उनकी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ-साथ कारागार में सुधारात्मक और पुनर्वासात्मक वातावरण को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी। जेल अधीक्षक कौशल कुमार ने बताया कि आधुनिक हेयर सैलून की स्थापना जिला कारागार में सुधारात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने की व्यापक योजना का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि कारागार प्रशासन बंदियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं स्वच्छ वातावरण गरिमापूर्ण जीवन तथा उनके मानवाधिकारों के संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रहा है। प्रत्येक बंदी को सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर मिलना चाहिए और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराकर उन्हें समाज की मुख्यधारा में पुनर्स्थापित होने के लिए प्रेरित करना कारागार प्रशासन का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल बंदियों में सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में भी प्रेरित करेगी। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार न्यायिक अधिकारी तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp