Spread the love

प्रदीप कुमार
गोपेश्वर-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। सेवा सुशासन एवं समर्पण’ की भावना के साथ आयोजित सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत शनिवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गोपेश्वर में बहुउद्देशीय सेवा एवं जनकल्याण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया तथा योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग के माध्यम से 20 उद्यान विभाग से 18 उद्योग विभाग से 15 उरेडा से 28 होम्योपैथी विभाग से 53 चिकित्सा विभाग से 33 महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग से 42 पशुपालन विभाग से 36 तथा ग्राम्य विकास विभाग से 45 सहित विभिन्न विभागों के माध्यम से कुल 496 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रमाण पत्र आवश्यक उपकरण तथा अन्य सहायता सामग्री भी वितरित की गई। मुख्य विकास अधिकारी डॉ.अभिषेक त्रिपाठी ने कहा कि सेवा पखवाड़ा का मुख्य उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं को अंतिम छोर पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि विभागीय समन्वय के माध्यम से एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं जिससे नागरिकों को योजनाओं का लाभ सरल पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से मिल सके। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आमजन को अपनी-अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए पात्र लोगों से अधिक से अधिक संख्या में इन योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आगामी दिनों में न्याय पंचायत स्तर पर भी बहुउद्देशीय सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को विभिन्न विभागों की सेवाएं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उनके निकट ही उपलब्ध कराया जाएगा ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp