Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। कृषि एवं कृषक कल्याण तथा सैनिक कल्याण मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को बौराड़ी नगर पालिका सभागार में आयोजित सेवा सुशासन एवं समर्पण अभियान के अंतर्गत सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार सेवा सुशासन और समर्पण की भावना के साथ जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पूरे प्रदेश में सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है जिसका उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना और पात्र लाभार्थियों को उनका लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू कर साहसिक और ऐतिहासिक निर्णय लिया है। उन्होंने सिलक्यारा सुरंग हादसे का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं घटनास्थल पर डटे रहे और सभी श्रमिकों का सफल एवं सुरक्षित रेस्क्यू कराया गया जो सरकार की जवाबदेही का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सरकार का प्रतिनिधि होता है और मुख्यमंत्री एक कप्तान के रूप में विकास कार्यों का नेतृत्व कर रहे हैं। सभी अधिकारी टीम भावना के साथ कार्य करते हुए प्रदेश के विकास को नई गति दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज टिहरी गढ़वाल विश्व मानचित्र पर अपनी अलग पहचान बना रहा है और पिछले पांच वर्षों में जनपद में विकास कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। प्रभारी मंत्री ने बताया कि जनपद में निर्धारित लक्ष्य से अधिक 437.59 किलोमीटर सड़कों को गड्ढामुक्त किया गया है। टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड सहित विभिन्न सड़कों का डामरीकरण एवं मरम्मत कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पांच करोड़ लखपति दीदी बनाने के संकल्प तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पांच लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने के लक्ष्य के अनुरूप प्रदेश में लगभग तीन लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। वहीं टिहरी गढ़वाल जनपद में लगभग 23 हजार महिलाएं इस श्रेणी में शामिल हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सैनिक बहुल प्रदेश है और धामी सरकार ने शहीद सैनिकों के आश्रितों के लिए अनुग्रह राशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी है। साथ ही शहीद के परिवार के एक सदस्य को सरकारी सेवा में समायोजित करने तथा शहीदों के नाम पर विद्यालयों एवं सरकारी संस्थानों का नामकरण करने का निर्णय भी लिया गया है। उन्होंने बताया कि सैन्य धाम निर्माण के लिए प्रदेश के 1,734 घरों एवं आंगनों की पवित्र मिट्टी एकत्रित की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की सरकार जनता के द्वार की भावना के साथ कार्य कर रही है। उत्तराखंड राज्य निर्माण में मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और आज भी महिलाएं प्रदेश के विकास में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने स्वयं सहायता समूहों की पात्र महिलाओं को चेक वितरित किए। समाज कल्याण विभाग के लाभार्थियों को सहायक उपकरण तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की पात्र महिलाओं को महालक्ष्मी किट भी प्रदान की गई। इस अवसर पर पशुलोक ऋषिकेश से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। साथ ही सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग द्वारा विकास आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया तथा संकल्प से सिद्धि तक पुस्तक का विमोचन भी किया गया। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम तथा उपजिलाधिकारी कमलेश मेहता ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया। स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि टिहरी ने पूरे देश को ऊर्जा प्रदान करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि टिहरी गढ़वाल ऐतिहासिक एवं गौरवशाली भूमि है जहां अनेक महान विभूतियों ने अपने कार्यों से देश-विदेश में क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्राथमिक विद्यालय ढुंगीघार के विद्यार्थियों ने योगासन का प्रदर्शन किया जबकि सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग के श्रीदेव सुमन सांस्कृतिक दल ने रवि गोसाईं के नेतृत्व में लोक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। इस अवसर पर राज्य मंत्री एवं ओबीसी आयोग के उपाध्यक्ष खेम सिंह चौहान विनोद उनियाल भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत नगर पालिका परिषद नई टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत चम्बा नगर पालिका अध्यक्ष शोभनी धनोला ब्लॉक प्रमुख चम्बा सुमन सजवाण ब्लॉक प्रमुख जाखणीधार राजेश नौटियाल नगर पंचायत चमियाला के अध्यक्ष गोविन्द सिंह राणा नगर पंचायत लम्बगांव के अध्यक्ष रोशन रांगड़ विभिन्न जनप्रतिनिधि अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp