Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी हासिल करने वाले एक आरोपी को श्रीनगर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बिजनौर से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से फर्जी अंकतालिका भी बरामद की गई है। मामले में पुलिस अन्य आरोपियों और पूरे गिरोह की भूमिका की भी जांच कर रही है। मामला 25 मार्च 2026 का है जब हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक जय सिंह चौहान ने कोतवाली श्रीनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि कासिफ कलीम सहित अन्य लोगों ने विश्वविद्यालय के नाम पर फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज लोगो अंकतालिकाएं उपाधियों के प्रारूप मोहर तथा फर्जी हस्ताक्षरों का उपयोग कर उन्हें असली अभिलेख के रूप में प्रयोग किया और विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया। शिकायत के आधार पर कोतवाली श्रीनगर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी श्रीनगर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए गए। पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस की सहायता से आरोपी कासिफ कलीम को बिजनौर जनपद के नगीना थाना क्षेत्र स्थित सैय्यदपुरा मोहल्ले से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से मामले से संबंधित फर्जी अंकतालिका भी बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह देहरादून के डीएवी (पीजी) कॉलेज में बीएससी की पढ़ाई कर रहा था लेकिन परीक्षा में असफल हो गया था। नौकरी पाने के उद्देश्य से उसने फर्जी अंकतालिका तैयार कराई और उसी के आधार पर बैंक तथा अन्य संस्थानों में कार्य किया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों तथा फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोह की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपी कासिफ कलीम पुत्र छुट्टन खान निवासी सैय्यदपुरा थाना नगीना जनपद बिजनौर उत्तर प्रदेश। पुलिस टीम उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार चौकी प्रभारी बाजार कोतवाली श्रीनगर हेड कांस्टेबल दिनेश चौधरी कोतवाली श्रीनगर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp