Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश सरकार के ‘सेवा सुशासन एवं समर्पण’ के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकासखंड जौनपुर के थत्यूड़ स्थित ब्लॉक सभागार में ‘जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार एवं ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी सोच के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से इनका अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शी जवाबदेह और जनसेवा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं जिला पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा ने बताया कि शिविर में स्वास्थ्य कृषि उद्यान ग्रामीण विकास समाज कल्याण महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। उन्होंने वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना एवं होम-स्टे योजना के माध्यम से स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की जानकारी भी दी। सहायक समाज कल्याण अधिकारी नवीन रावत ने विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि पात्रता पूरी होने पर अब पति और पत्नी दोनों को अलग-अलग वृद्धावस्था पेंशन का लाभ दिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की प्रभारी डॉ.मनीषा भारती ने बताया कि संस्थागत प्रसव कराने वाली गर्भवती महिलाओं को 1400 रुपये की आर्थिक सहायता के साथ सुरक्षित घर पहुंचाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है। सहायक कृषि अधिकारी सूरज देव ने बताया कि कृषि विभाग द्वारा किसानों को 80 प्रतिशत तक अनुदान पर कृषि यंत्र उपलब्ध कराए जा रहे हैं। रबी एवं खरीफ योजनाओं के अंतर्गत अब तक 650 किसानों को लाभान्वित किया जा चुका है। उद्यान ग्रामीण विकास तथा बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने भी अपनी-अपनी विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रीतम सिंह पंवार एवं ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार ने महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से दो महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी पोषण किट वितरित की। वहीं ग्राम उत्थान (रीप) परियोजना के अंतर्गत अल्ट्रा पुअर श्रेणी की नौ महिलाओं को 35-35 हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी अर्जुन सिंह रावत एडीओ डी.पी.चमोली भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील थपलियाल महामंत्री अकबीर पंवार खेमराज भट्ट हरभजन सिंह पंवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp