Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश सरकार के ‘सेवा सुशासन एवं समर्पण सप्ताह’ के अंतर्गत सोमवार को विकासखंड ज्योतिर्मठ के पंचायत भवन में ‘जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत बहुउद्देशीय सेवा एवं जनकल्याण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ और विभागीय सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रमुख क्षेत्र पंचायत ज्योतिर्मठ अनूप नेगी एवं भाजपा जिला अध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल ने की। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा आम नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना है। शिविर में 295 नागरिकों ने भाग लिया जबकि 55 जनसमस्याओं एवं शिकायतों पर संबंधित विभागों द्वारा मौके पर सुनवाई कर आवश्यक कार्रवाई की गई। विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉलों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ लाभार्थियों को सेवाएं भी उपलब्ध कराईं। शिविर में कृषि विभाग से 11 उद्यान विभाग से 7 समाज कल्याण विभाग से 19 महिला एवं बाल विकास विभाग से 22 लोक निर्माण विभाग से 5 पशुपालन विभाग से 35 चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग से 42 होम्योपैथिक विभाग से 9 आयुर्वेदिक विभाग से 39 सैनिक कल्याण विभाग से 8 तथा ग्रामीण विकास विभाग से सर्वाधिक 80 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग ने किसानों को कृषि योजनाओं एवं पंजीकरण की जानकारी दी। महिला एवं बाल विकास विभाग ने नंदा गौरा योजना तथा पोषण संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई। पशुपालन विभाग ने पशुओं के लिए दवाइयों का वितरण किया।चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण होम्योपैथिक तथा आयुर्वेदिक विभागों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। वहीं ग्रामीण विकास विभाग ने बीपीएल परिवारों की ई-केवाईसी प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न ग्रामीण विकास योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं उपलब्ध कराईं। कार्यक्रम में राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में विकसित की जा रही आधारभूत संरचनाओं रेल एवं रोपवे परियोजनाओं सड़क संपर्क पर्यटन विकास तथा अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्यों की भी जानकारी आमजन को दी गई। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक सरल एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जा रहा है तथा जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp