Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश सरकार के ‘सेवा सुशासन एवं समर्पण’ अभियान के अंतर्गत सोमवार को विकासखंड दशोली की न्याय पंचायत छिनका के कुजौमैकोट में ‘जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर का आयोजन मुख्य विकास अधिकारी डॉ.अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा मौके पर ही सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ उठाया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के अध्यक्ष रामचंद्र गौड़ दर्जाधारी हरक सिंह नेगी जिला पंचायत सदस्य जेपी पंवार मुख्य विकास अधिकारी डॉ.अभिषेक त्रिपाठी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.अभिषेक गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। शिविर में स्वास्थ्य कृषि उद्यान पशुपालन समाज कल्याण महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास पंचायतीराज ग्राम्य विकास खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विद्युत पेयजल शिक्षा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। कई लाभार्थियों के आवेदन भी मौके पर स्वीकार किए गए तथा आवश्यक प्रमाण-पत्र और अन्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल सड़क विद्युत राजस्व सामाजिक सुरक्षा पेंशन मनरेगा आवास तथा अन्य जनसमस्याओं से संबंधित शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। प्राप्त 40 से अधिक शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देशों के साथ भेजा गया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ.अभिषेक त्रिपाठी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का त्वरित गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। इसी क्रम में विकासखंड ज्योतिर्मठ में सेवा पखवाड़ा के तहत राज्य में विकसित हो रही आधारभूत संरचनाओं रेल परियोजनाओं रोपवे सड़क संपर्क पर्यटन तथा अन्य महत्वपूर्ण अवस्थापना विकास कार्यों पर आधारित जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्य सरकार द्वारा संचालित विकास योजनाओं आधारभूत ढांचे के विस्तार तथा नागरिकों को मिलने वाले दीर्घकालिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। जनपद में सेवा पखवाड़ा कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत 7 जुलाई को विकासखंड नारायणबगड़ के ब्लॉक सभागार में जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा एक ही स्थान पर नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ एवं आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp